दतिया
33 केवी लाइन से तार चोरी कर कबाड़ी को 34 हजार में बेचा, 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची आरोपियों तक, ब्रेजा कार और मैगनेट जब्त
दतिया। कोतवाली पुलिस ने 33 केवी हाईटेंशन लाइन से करीब पांच क्विंटल एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का पूरा तार बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार और तार खींचने-काटने में इस्तेमाल मैगनेट उपकरण भी जब्त किया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है।
बिजली तार चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
कबाड़ी को 34 हजार में बेचा था तार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किया गया तार कबाड़ी को 34 हजार रुपए में बेचा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कबाड़ी से पूरा पांच क्विंटल तार बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल कार और मैगनेट उपकरण भी जब्त किए गए।
एक आरोपी की तलाश
पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।


