शिवपुरी
शनिवार रात से रविवार सुबह तक कई इलाकों में हमले,जिला अस्पताल में घायलों की कतार, नगर पालिका टीम ने कुत्ते को पकड़ा
शिवपुरी। शहर में एक आक्रामक आवारा कुत्ते ने शनिवार शाम से रविवार सुबह तक जमकर आतंक मचाया। अलग-अलग इलाकों में कुत्ते के हमले में 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों की संख्या बढ़ने से जिला अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। अस्पताल में सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई। सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम ने कुत्ते को पकड़ लिया।
कुत्ते ने मनियर, गुरुद्वारा चौराहा, लुहारपुरा और पुरानी शिवपुरी में राहगीरों पर हमला किया। मनियर क्षेत्र में छह साल के बच्चे समेत कई लोग उसके शिकार बने। अचानक हुए हमलों से लोगों में दहशत फैल गई और कई इलाकों में लोग अकेले निकलने से बचते रहे।
अस्पताल में 35 मरीजों का पंजीयन
जिला अस्पताल की नर्स रश्मि सोलंकी के मुताबिक शनिवार शाम से कुत्ते के काटने से घायल लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। रविवार सुबह 10 बजे तक 35 मरीजों का पंजीयन किया जा चुका था। सभी को प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई। कुछ घायलों के निजी अस्पतालों में उपचार कराने की भी जानकारी है।
नगर पालिका ने पकड़ा कुत्ता
घायलों की बढ़ती संख्या की सूचना सिविल सर्जन ने नगर पालिका को दी। सीएमओ यशवंत राठौड़ के निर्देश पर कैचिंग टीम को संबंधित इलाकों में भेजा गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ लिया।
नगर पालिका ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आक्रामक या संदिग्ध आवारा पशु की सूचना तत्काल नगर पालिका कंट्रोल रूम या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

