ग्वालियर
ग्वालियर-दिल्ली रूट की कई ट्रेनें प्रभावित
ग्वालियर (HRIDAY STAMBH): ग्वालियर से दिल्ली या बांद्रा की ओर ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह खबर लिए बेहद महत्वपूर्ण है। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्य (Redevelopment Work) के चलते रेलवे प्रशासन ने 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लेने का फैसला किया है।
इस निर्माण कार्य के कारण कुल 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है, जबकि 20 महत्वपूर्ण ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है।
बदले गए 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म
प्लेटफॉर्म 3 की ट्रेनों को प्लेटफॉर्म 4 और प्लेटफॉर्म 2 की ट्रेनों को प्लेटफॉर्म 1 से संचालित किया जाएगा। ग्वालियर के यात्रियों के लिए 22199 ग्वालियर-बांद्रा टर्मिनस सुशासन सुपरफास्ट एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्टूबर तक प्लेटफॉर्म 2 के बजाय प्लेटफॉर्म 1 से चलेगी। वहीं 22200 बांद्रा टर्मिनस-ग्वालियर सुशासन सुपरफास्ट एक्सप्रेस इसी अवधि में प्लेटफॉर्म 3 के बजाय प्लेटफॉर्म 4 से संचालित होगी।
फरीदाबाद स्टेशन पर 20 ट्रेनों का ठहराव रद्द
ब्लॉक के कारण 20 ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। इनमें डाउन दिशा की 8 और अप दिशा की 12 ट्रेनें शामिल हैं। 12919 मालवा एक्सप्रेस का ठहराव 31 अगस्त से 14 अक्टूबर तक नहीं होगा। 12615 ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, 18477 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस और 12625 केरल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 30 अगस्त से 13 अक्टूबर तक फरीदाबाद नहीं रुकेंगी। वहीं 14309 उज्जैनी एक्सप्रेस, 14317 योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, 14621 नांदेड-फिरोजपुर कैंट एक्सप्रेस तथा 11077 पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस का ठहराव 31 अगस्त से 14 अक्टूबर तक समाप्त रहेगा।
दिल्ली से आने वाली ये ट्रेनें नहीं रुकेंगी
यात्रियों को जानकारी के लिए बता दें कि 12138 पंजाब मेल, 20986 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-कोटा साप्ताहिक एक्सप्रेस, 11450 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-जबलपुर एक्सप्रेस, 16032 अंडमान एक्सप्रेस और 16318 हिमसागर एक्सप्रेस 31 अगस्त से 14 अक्टूबर तक फरीदाबाद नहीं रुकेंगी। वहीं 19326 अमृतसर इंदौर एक्सप्रेस, 11842 कुरुक्षेत्र-खजुराहो एक्सप्रेस, 19020 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, 12920 मालवा एक्सप्रेस, 14622 फिरोजपुर-नांदेड एक्सप्रेस, 22918 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस और 19308 ऊना हिमाचल-इंदौर एक्सप्रेस का ठहराव 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक नहीं होगा।
यात्रियों के लिए एडवाइजरी
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की सही स्थिति, समय और प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी 139 (रेल मदद) या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTIS) पोर्टल के माध्यम से जरूर चेक कर लें।
