डबरा (HRIDAY STAMBH): खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। संवेदनशील इलाकों में स्थापित चेक पोस्टों के जरिए 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बिलौआ चेक पोस्ट का किया औचक निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सोमवार को बिलौआ स्थित चैक पोस्ट का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चैक पोस्ट पर आने-जाने वाले लोडिंग वाहनों की जांच की कार्यप्रणाली जानी। साथ ही वाहनों की जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई, अधिकारियों को कड़े निर्देश
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने संबंधित अधिकारियों को आगाह किया है कि जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए निगरानी एवं जांच की कार्यवाही लगातार जारी रखी जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं खनिज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चैक पोस्टों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण करें। साथ ही अवैध खनिज गतिविधियां सामने आने पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई करें।
gwalior illegal mining news
