शिवपुरी के जरगवां सानी में बेखौफ अवैध उत्खनन

शिवपुरी

शिवपुरी

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

शिवपुरी (HRIDAY STAMBH): तहसील के सुनारी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम जरगवां सानी में अवैध उत्खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की ढिलाई के कारण खनन माफिया बेखौफ होकर क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और पहाड़ियों को नष्ट कर रहे हैं। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि खाकी और स्थानीय प्रशासन के संरक्षण के कारण ही यह अवैध खेल फल-फूल रहा है।

पोकलेन मशीनों से दिन-रात हो रहा खनन

जरगवां सानी स्थित मुख्य जल स्रोत के समीप बनी प्राकृतिक पहाड़ी और टीलों को भारी-भरकम पोकलेन मशीनों से खोदा जा रहा है।मुरुम और पत्थरों से लदे ओवरलोड डंपर दिन-रात सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

अंधाधुंध खुदाई से पहाड़ी का वजूद तो खतरे में है ही, साथ ही आसपास के पेयजल व प्राकृतिक जल स्रोतों के दूषित होने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

प्रकृति को पहुंच रहे नुकसान और प्रशासनिक अनदेखी से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने और मामले की शिकायत उच्च स्तर पर दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *