भितरवार
बिना नंबर का ट्रैक्टर पुलिस कस्टडी में
भितरवार (HRIDAY STAMBH): कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशों पर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए प्रशासनिक टीम ने भितरवार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 90 ट्रॉली अवैध डंप रेत जब्त की है। साथ ही, बिना नंबर और बिना रॉयल्टी के रेत ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर भितरवार थाने के सुपुर्द किया गया है।
चार ठिकानों पर छापेमारी, 90 ट्रॉली अवैध रेत बरामद
अनुविभागीय अधिकारी (SDM) राजीव समाधिया के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम हरसी और जखवार में छापेमारी की इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने चार अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से डंप की गई लगभग 90 ट्रॉली रेत पाई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। जब्त की गई रेत को सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय कोटवार और स्वीकृत रेत ठेका कंपनी के कर्मचारियों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
बिना रॉयल्टी दौड़ रहे ट्रैक्टर पर शिकंजा
कार्रवाई के दौरान टीम ने सड़क पर बिना नंबर प्लेट और बिना रॉयल्टी के अवैध रूप से रेत ले जा रहे एक ट्रैक्टर को भी रंगे हाथों पकड़ा। प्रशासनिक टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर भितरवार पुलिस थाने में खड़ा करवा दिया है और वाहन मालिक व चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
SDM राजीव समाधिया ने स्पष्ट किया है कि भितरवार क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन, डंपिंग और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
Gwalior Illegal Sand Mining
