डबरा: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का रौब दिखाना पड़ा महंगा

डबरा/भितरवार

डबरा 

गिजोर्रा पुलिस ने 315 बोर अधिया के साथ नाबालिग को पकड़ा

डबरा (HRIDAY STAMBH): जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील और फोटो डालकर रौब जमाने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए ग्वालियर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना गिजोर्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करने वाले एक बाल अपचारी (नाबालिग) को गिरफ्तार किया है।

ऐती पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा

गिजोर्रा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम किरोल का एक नाबालिग अवैध हथियार के साथ किसी घटना या फेम के उद्देश्य से घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम ऐती पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर की एक अधिया, एक जिंदा कारतूस तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल (एमपी-07-एमटी-8218) बरामद कर जब्त की गई।

पहले भी सोशल मीडिया पर डाल चुका है वीडियो

पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया नाबालिग पहले भी अवैध हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो अपलोड कर चुका है।

गिजोर्रा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 90/26 के तहत धारा 25(1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से पूछताछ कर रही है कि नाबालिग को यह अवैध हथियार कहां से और किसने मुहैया कराया था।

युवाओं में बढ़ता हथियार कल्चर चिंता का विषय

सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के चक्कर में युवाओं और किशोरों में अवैध हथियारों का क्रेज एक गंभीर सामाजिक समस्या बनता जा रहा है। ग्वालियर पुलिस ने जिले के युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर इस प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *