डबरा
कलेक्टर के निर्देश पर एक्शन मोड में प्रशासन
डबरा (HRIDAY STAMBH):जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख जारी है। मंगलवार को खनिज और राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने डबरा तहसील के ग्राम रायपुर में एक बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए लगभग 4500 घनमीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की है।
इसके अलावा, रात के समय अवैध गिट्टी का परिवहन कर रहे एक डंपर को भी पकड़ा गया है।
कलेक्टर का कड़ा संदेश: अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से संयुक्त कार्रवाई करने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई: क्या बोले प्रभारी खनिज अधिकारी?
प्रभारी खनिज अधिकारी श्री घनश्याम यादव ने बताया कि डबरा तहसील के ग्राम रायपुर में खनिज एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भण्डारित लगभग 4500 घनमीटर रेत जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत गत रात्रि में बिजौली थाना क्षेत्र से अवैध गिट्टी का परिवहन करते हुए एक डम्पर भी जब्त किया गया है। प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
