डबरा
2.5 लाख की एक्स्ट्रा डिमांड, पीड़ित पहुंचा SP के पास
डबरा (NEWS UPDATE): क्षेत्र में कथित ब्याज माफियाओं की मनमानी और उत्पीड़न का एक और मामला सामने आया है। हनुमान कॉलोनी निवासी रामअवतार रावत ने पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि एक लाख रुपये का उधार लेने के बदले वह दो लाख रुपये चुका चुके हैं, इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त ढाई लाख रुपये की अवैध मांग की जा रही है।
1 लाख के बदले दे चुके हैं 2 लाख रुपये: पीड़ित का दावा
ग्वालियर एसपी को दी गई शिकायत में फरियादी रामअवतार रावत ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले डबरा की ही रहने वाली एक महिला से घरेलू जरूरत के लिए 1 लाख रुपये उधार लिए थे।
इस कर्ज के बदले वह ब्याज सहित कुल 2 लाख रुपये की राशि वापस भी कर चुके हैं। पीड़ित का दावा है कि यह पूरा भुगतान गवाहों की मौजूदगी में किया गया था और उनके पास इस लेन-देन की पुख्ता रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। भुगतान के वक्त दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी थी कि अब कोई भी लेन-देन बाकी नहीं रह गया है।
झूठे केस में फंसाने और जेल भेजने की मिल रही धमकी
रामअवतार रावत का आरोप है कि पूरी रकम वसूलने के बाद भी सामने वाले पक्ष की नीयत खराब हो गई है। अब उनसे 2.5 लाख रुपये (ढाई लाख रुपये) की अतिरिक्त अवैध मांग की जा रही है।
फरियादी ने शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अतिरिक्त धनराशि ऐंठने के उद्देश्य से उनके खिलाफ लगातार झूठी शिकायतें की जा रही हैं। संबंधित पक्ष द्वारा पुलिस से कथित सांठगांठ कर उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने और जेल भेजने की धमकियां दी जा रही हैं।
उन्हें बार-बार पुलिस थाने बुलाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित और अपमानित किया जा रहा है।
