मुरैना
उदयपुर इंटरसिटी (19665) में आग की अफवाह के बाद पटरियों पर उतरे यात्री, सामने से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस (20424) ने कुचला।
मुरैना (NEWS UPDATE): आग की अफवाह ने कई मासूमों की की जान, मुरैना से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले रेल हादसे की खबर सामने आ रही है। यहाँ एक ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी ने 6 मासूम लोगों की जान ले ली। घबराहट में ट्रेन से कूदकर पटरियों पर भागे यात्री दूसरी तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।
यह भीषण हादसा मुरैना रेलवे स्टेशन के पास हेतमपुर और धौलपुर रेलखंड के बीच हुआ। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और रेलवे की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा? (घटनाक्रम)
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार शाम लगभग 04:15 बजे गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस धौलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान इंजन से दूसरे (जनरल) कोच में किसी यात्री ने अचानक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) कर दी, जिससे ट्रेन बीच रास्ते में ही रुक गई।
ट्रेन रुकते ही अफवाह फैल गई कि कोच में आग लग गई है। आग की बात सुनते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अपनी जान बचाने के लिए लोग ट्रेन से नीचे कूदकर बगल वाली पटरी (रेलवे ट्रैक) पर दौड़ने लगे।
सबसे बड़ी लापरवाही: जिस वक्त यात्री घबराकर दूसरी पटरी पर खड़े थे, ठीक उसी समय विपरीत दिशा (Up Direction) से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहाँ से गुजरी। पटरियों पर मौजूद लोग इस तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
MP Train Accident
