MP News: इंदौर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, सरकारी स्कूल प्रिंसिपल गिरफ्तार

राज्य

इंदौर

इंदौर (NEWS UPDATE): इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है

मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं लोकायुक्त टीम रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं।

द इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल के संचालक से मांगी रिश्वत

इंदौर के इदरिसन नगर में रहने वाले रवि जायसवाल ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में रवि जायसवाल ने बताया कि वो द इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल का संचालक है। उनके स्कूल के खिलाफ एक छात्र के अभिभावक ने शिकायत दर्ज कराई थी और जब इस शिकायत के निराकरण के लिए वो संकुल प्राचार्य राजकुमार चेलानी के पास पहुंचे तो उन्होंने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

रिश्वत लेते प्राचार्य रंगेहाथ पकड़ाया

लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर शुक्रवार को जाल बिछाकर फरियादी रवि जायसवाल को घूसखोर प्राचार्य राजकुमार चेलानी के पास 10 हजार रुपये देने के लिए भेजा।

रिश्वत की रकम देने के लिए रिश्वखोर प्राचार्य ने फरियादी को अपने स्कूल में बुलाया और वहां पर जैसे ही रिश्वत के 10 हजार रुपये लिए तो सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने प्राचार्य को रंगेहाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त टीम ने आरोपी राजकुमार चेलानी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम-2018 की धारा-7 के तहत कार्रवाई की है। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना लोकायुक्त कार्यालय इंदौर या 0731-2533160 और 0731-2430100 पर दी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *