भीम आर्मी नेता पर छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप

शिवपुरी

शिवपुरी

माधव चौक पर हाईवोल्टेज ड्रामा: बच्चों संग पेट्रोल छिड़क धरने पर बैठी महिला,

शिवपुरी (हृदय स्तंभ/hriday stambh)। शहर के व्यस्त माधव चौक पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों के साथ खुद पर पेट्रोल छिड़ककर धरने पर बैठ गई। महिला ने भीम आर्मी नेता ठाकुरलाल जाटव और उसके परिवार पर मारपीट, छेड़छाड़ और संपत्ति हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाए। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाइश देकर थाने ले गई।

पति ने छोड़ा, रिश्तेदारों पर साजिश का आरोप

देहात थाना क्षेत्र के रायश्री गांव की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उसे छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहना शुरू कर दिया है। महिला का कहना है कि उसके ममिया ससुर ठाकुरलाल जाटव, सास और देवर ने मिलकर यह सब करवाया। पति के छोड़ने के बाद वह अपने बच्चों के साथ सरकारी जमीन पर बने एक कच्चे मकान में रहने को मजबूर है।

जमीन भी बिकवा दी, हिस्सा नहीं दिया

महिला ने आरोप लगाया कि परिवार की जमीन ठाकुरलाल जाटव ने बिकवा दी, लेकिन उसे उसका अधिकार और हिस्सा नहीं दिया गया। कई बार मांग करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। महिला ने आशंका जताई कि जिस सरकारी जमीन पर वह रह रही है, प्रशासन कभी भी कब्जा हटवा सकता है, जिससे उसके बच्चों के सामने रहने का संकट खड़ा हो जाएगा।

बेटी से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि संपत्ति विवाद के चलते ठाकुरलाल जाटव और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की, वहीं उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की गई। महिला का कहना है कि उसने पहले भी थाने और एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से परेशान होकर उसने बच्चों के साथ माधव चौक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

आरोपों को बताया झूठा

दूसरे पक्ष ने महिला के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिला के परिवार के लोग पहले दुकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करते हुए पकड़े गए थे और उसी मामले से बचने के लिए अब झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।
परिवार पर पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार महिला के परिवार पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। बताया जा रहा है कि महिला की बड़ी बहन पर अपने पति की हत्या प्रेमी और बेटों के साथ मिलकर कराने का आरोप लगा था, जिसमें इस महिला का नाम भी साजिश में सामने आया था।

देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। गांव में दुकान के आधिपत्य को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। महिला द्वारा छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्षियों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *