करैरा
करैरा बगीचा सरकार मंदिर प्रांगण में बवाल
करैरा (हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH): शिवपुरी जिले के करैरा स्थित प्रसिद्ध बगीचा सरकार मंदिर प्रांगण में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। मंदिर परिसर में जमकर लाठी-डंडे, लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने हृदय स्तंभ संवाददाता को बताया कि मंदिर परिसर में किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया। घटना के दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागते नजर आए।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग एक-दूसरे पर डंडों से हमला कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश भी करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
हालांकि अभी तक विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
