डबरा
टेकनपुर के पास चलती बाइक आग लगने से जली लोगों ने वीडियो बनाकर किया वायरल
डबरा (हृदय स्तंभ/ HRIDAY STAMBH): क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। इसी बीच टेकनपुर के पास एक चलती बाइक में अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार सड़क पर सामान्य रूप से जा रहा था, तभी अचानक बाइक से धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग भड़क गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के चलते बाइक को बचाया नहीं जा सका। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कहना है कि भीषण गर्मी में वाहन के इंजन या वायरिंग में खराबी होने पर इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
फिलहाल, घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
