शिवपुरी
कई घर, अनाज और मवेशियों का चारा जलकर खाक, पहली बार देखा आज का विकराल रूप
शिवपुरी (BREAKING NEWS)। जिले के मगरोनी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिमरिया में शनिवार को भीषण आग ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते पूरा गांव दहशत में आ गया। आग की लपटों ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मकान, भूसा, अनाज और घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ किसानों द्वारा खेतों में खड़ी गेहूं की पराली जलाने के दौरान अचानक आग भड़क उठी। इसी बीच तेज आंधी-तूफान चलने लगा, जिसने आग को और भयानक बना दिया। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती हुई सिमरिया से इमलिया गांव तक पहुंच गई, जिससे आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई।
आग लगते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों की तीव्रता और हवा की रफ्तार के चलते स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत और मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
