पाकिस्तानी मिसाइल ‘फतह-II’ का सफल परीक्षण

देश विदेश

इस्लामाबाद/नई दिल्ली

दिल्ली पर हमले की नाकामी के बाद ताकत बढ़ाने में जुटा इस्लामाबाद

 

इस्लामाबाद/नई दिल्ली (DEFENCE UPDATE): पाकिस्तान अपनी मिसाइल क्षमता को और अधिक धार देने की कोशिशों में लगा है। इसी कड़ी में पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को स्वदेशी रूप से विकसित ‘फतह-II’ (Fatah-II) मिसाइल सिस्टम का एक और सफल प्रशिक्षण लॉन्च किया। यह वही मिसाइल है जिसे पिछले साल भारत के खिलाफ इस्तेमाल किया गया था, लेकिन भारतीय सुरक्षा कवच ने इसे नाकाम कर दिया था।

आधुनिक नेविगेशन और मारक क्षमता से लैस

पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग (ISPR) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, फतह-II मिसाइल सिस्टम को आधुनिक एवियोनिक्स और नेविगेशनल उपकरणों से लैस किया गया है। सेना का दावा है कि यह सिस्टम अब पहले से अधिक सटीक और घातक है। इस परीक्षण को ‘आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड’ द्वारा अंजाम दिया गया, जिसे पिछले साल मिसाइल और रॉकेट क्षमताओं को एकीकृत करने के लिए बनाया गया था।

दिल्ली को निशाना बनाने की कोशिश हुई थी नाकाम

गौरतलब है कि पिछले साल मई में तनाव के दौरान पाकिस्तान ने ‘फतह-II’ के जरिए भारत की राजधानी दिल्ली के एक रणनीतिक स्थान को निशाना बनाने का दुस्साहस किया था। हालांकि, पाकिस्तान की यह कोशिश पूरी तरह विफल रही, हरियाणा के ऊपर भारतीय वायुसेना ने मिसाइल को इंटरसेप्ट कर लिया था।

भारत ने अपने अत्याधुनिक बराक-8 (Barak-8) एयर डिफेंस सिस्टम का उपयोग कर मिसाइल को लक्ष्य तक पहुँचने से पहले ही मार गिराया था।  इस विफल हमले में भारत की ओर किसी भी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ था।

रणनीतिक इकाई की निगरानी में हुआ टेस्ट

मंगलवार को हुए इस लॉन्च के दौरान पाकिस्तान के स्ट्रेटेजिक प्लान्स डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी, सेना के शीर्ष कमांडर और वैज्ञानिक मौजूद थे। जानकारों का मानना है कि पिछले साल भारत के एयर डिफेंस से मात खाने के बाद, पाकिस्तान अब अपनी मिसाइलों की तकनीक को अपडेट करने की कोशिश कर रहा है ताकि वे भारतीय सुरक्षा घेरे को चकमा दे सकें।

पाकिस्तान की यह छटपटाहट पिछले साल मिली सैन्य विफलता का परिणाम है। वह लगातार अपनी मिसाइल और रॉकेट क्षमताओं को एक ही ढांचे (आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड) के तहत लाकर भारत के रणनीतिक बुनियादी ढांचे को चुनौती देने की फिराक में है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *