ग्वालियर में सिविल डिफेंस का हाई अलर्ट अभ्यास, 30 मिनट रहा ब्लैकआउट

ग्वालियर

ग्वालियर

हवाई हमले से निपटने की तैयारियों की परखी गई क्षमता, रेस्क्यू से लेकर फायर कंट्रोल तक हुआ प्रदर्शन

शहर में आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार रात सिविल डिफेंस के तहत व्यापक मॉकड्रिल आयोजित की गई। बहोड़ापुर स्थित पुलिस लाइन और आसपास के क्षेत्रों में रात 8 से 8:30 बजे तक ब्लैकआउट कर वास्तविक हालात का अभ्यास किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी प्रणाली को सक्रिय कर ब्लैकआउट, आपातकालीन निकासी, खोज एवं बचाव अभियान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान नागरिकों और प्रशासन दोनों की तत्परता को परखा गया, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अभ्यास के दौरान घायल व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने, आग पर काबू पाने और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
इस मौके पर अपर जिला दंडाधिकारी सी.बी. प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल सहित प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की मॉकड्रिल नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम के रूप में की जाती हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बेहतर समन्वय और तैयारी सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *