महोबा
महिला वार्ड में घुसकर युवक करता रहा अश्लील हरकतें, परिजनों ने पकड़ा; मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी पर भी लापरवाही के आरोप
महोबा:जिला अस्पताल में भर्ती एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, डहर्रा गांव निवासी लक्ष्मी पिछले 15 दिनों से पेट दर्द के इलाज के लिए महिला वार्ड नंबर-2 में भर्ती है। उसी वार्ड में उसकी मां कौशल्या भी इलाज करा रही हैं।
बताया जा रहा है कि बीती रात एक युवक महिला वार्ड में घुस आया और लक्ष्मी को देखकर अश्लील इशारे करने लगा। इतना ही नहीं, वह रात भर वार्ड के आसपास चक्कर लगाता रहा और बार-बार युवती से मोबाइल नंबर मांगता रहा। युवती द्वारा मना करने के बावजूद वह लगातार उसे परेशान करता रहा।
परेशान होकर लक्ष्मी ने अपने भाई नीरज को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों ने बाहर जाकर युवक को पकड़ने की कोशिश की। युवक भागने लगा, लेकिन लक्ष्मी और उसके भाई ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। गुस्से में आई युवती ने मौके पर ही चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती आरोपी को चप्पलों से पीटती नजर आ रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए हैं।
पुलिस पर भी लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के दौरान मौके पर एक पुलिसकर्मी की मौजूदगी भी सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिसकर्मी ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और उसे जाने दिया। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि जब अस्पताल में भर्ती महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं और पुलिसकर्मी ही कार्रवाई नहीं कर रहे, तो आम लोगों का भरोसा कैसे कायम रहेगा।
फिलहाल, मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
