महिला को लापता बेटी बताकर ले जाने की कोशिश, डीएनए जांच की मांग

शिवपुरी
शिवपुरी
अशोकनगर के दंपती का दावा—7 साल की उम्र में गायब हुई थी बेटी; महिला ने कहा मैं इन्हें नहीं जानती निष्पक्ष जांच की अपील
शिवपुरी एसपी ऑफिस में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला को अशोकनगर के एक दंपती द्वारा अपनी वर्षों पहले लापता हुई बेटी बताकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद महिला ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है। फूलवती परिहार नाम की महिला ने शिकायत में बताया कि वह सीहोर जिले के चकलदी गांव की निवासी है। उसके माता-पिता अमर सिंह और मुन्नी हैं। करीब 18 साल पहले उसने शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र के पिपरौनिया गांव निवासी नवल सिंह परिहार से प्रेम विवाह किया था और तब से वह अपने ससुराल में रह रही है। फूलवती के अनुसार, कुछ महीने पहले अशोकनगर पुलिस उसकी ससुराल पहुंची। पुलिस के साथ आए एक दंपती ने दावा किया कि फूलवती उनकी बेटी है, जो करीब 7 साल की उम्र में स्कूल से लापता हो गई थी। दंपती ने अपनी 5-6 साल की बच्ची का पुराना फोटो दिखाते हुए चेहरे की समानता के आधार पर उसे अपनी बेटी बताया। जानकारी के अनुसार, इस मामले में वर्ष 2011-12 के दौरान अशोकनगर में अपहरण का मामला भी दर्ज किया गया था। हालांकि, फूलवती ने साफ तौर पर कहा कि वह उस दंपती को नहीं पहचानती और उसके असली माता-पिता कोई और हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि उसे पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उसने सच्चाई सामने लाने के लिए डीएनए टेस्ट कराने की इच्छा जताई है। फूलवती और उसके पति ने शिवपुरी पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर उन्हें राहत दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *