औद्योगिक निवेश को मिलेगी रफ्तार जमीन आवंटन में देरी बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर रुचिका चौहान

ग्वालियर

 

मोहना, स्टोन पार्क व रंग मिल औद्योगिक क्षेत्र की समीक्षा; अतिक्रमण हटाने व विकास कार्य तेज करने के निर्देश

ग्वालियर। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जमीन आवंटन और भू-अर्जन की प्रक्रिया को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक प्रयोजन के लिए भूमि आवंटन में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने एमपीआईडीसी और राजस्व अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाएं विधिक प्रावधानों के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी अड़चन न आए।
कलेक्टर ने कहा कि निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना और उद्योगों को समय पर जमीन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में मोहना औद्योगिक क्षेत्र, स्टोन पार्क और रंग मिल इंडस्ट्रियल एरिया के विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
मोहना औद्योगिक क्षेत्र को लगभग 210 हेक्टेयर में विकसित किया जा रहा है। इसके अधोसंरचना विकास के लिए करीब 140 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और यहां 162 औद्योगिक प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं। इसे प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे उद्योगों को बढ़ावा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
स्टोन पार्क क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर सख्ती बरतते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विधिक प्रक्रिया अपनाकर जल्द अतिक्रमण हटाया जाए। इस संबंध में नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
रंग मिल इंडस्ट्रियल एरिया के विकास को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। कलेक्टर ने बेहतर कनेक्टिविटी, नए पुल निर्माण और आईटी सहित अन्य उद्योगों को आकर्षित करने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
बैठक में एमपीआईडीसी की कार्यकारी निदेशक अनीशा श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *