लश्कर में 7 बीघा बेशकीमती सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त

ग्वालियर

ग्वालियर

विशेष मुहिम के तहत जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 20 करोड़ की जमीन कराई खाली
जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चल रही विशेष मुहिम के तहत बुधवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लश्कर तहसील क्षेत्र में लगभग 7 बीघा बेशकीमती सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाकर उसे मुक्त कराया गया।
प्रशासन द्वारा मुक्त कराई गई जमीन की कीमत सरकारी गाइडलाइन के अनुसार करीब 20 करोड़ रुपए आंकी गई है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने नगर निगम के मदाखलत दस्ते की मशीनों की सहायता से यह कार्रवाई की।
स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई जमीन
तहसीलदार महेश सिंह कुशवाह ने जानकारी दी कि पटवारी हलका कोटा लश्कर के अंतर्गत विभिन्न सर्वे नंबरों की लगभग साढ़े 6 बीघा जमीन स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल निर्माण के लिए आवंटित थी। इस जमीन पर स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था, जिसे हटाकर पुनः विभाग को सौंप दिया गया है।
नाले किनारे भी हटाया गया अतिक्रमण
इसके अलावा तीन अन्य सर्वे नंबरों में नाले के किनारे स्थित करीब 10 बिस्वा शासकीय भूमि पर भी अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन ने मशीनों की मदद से इन अतिक्रमणों को भी ध्वस्त कर जमीन को मुक्त कराया।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में एसडीएम नरेन्द्र बाबू यादव, तहसीलदार महेश सिंह कुशवाह, रत्नेश शर्मा, रमाशंकर सिंह सहित अन्य राजस्व अधिकारी और नगर निगम का मदाखलत दस्ता शामिल रहा।
जिले में जारी रहेगी मुहिम
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *