सीएमओ बोले लाइन चालू और इंजीनियर बोले कल होगी! आखिर जनता से कौन कर रहा है धोखा

शिवपुरी|
शहर की जनता इस समय सिर्फ पानी की नहीं, बल्कि सच की भी प्यास झेल रही है। मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की मुख्य पाइप लाइन मोबाइल कंपनी की खुदाई के दौरान फूटने के बाद पूरा शहर चार दिन से सूखा पड़ा है, लेकिन नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी बयानों का खेल खेल रहे हैं।
शुक्रवार सुबह मड़ीखेड़ा डैम के पास मोबाइल कंपनी द्वारा केबल बिछाने के लिए की जा रही खुदाई में मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे हजारों गैलन पानी व्यर्थ बह गया। उस समय कहा गया था कि दो दिन तक जलापूर्ति बाधित रहेगी, लेकिन हकीकत यह है कि चार दिन गुजर जाने के बाद भी नलों में पानी नहीं, सिर्फ हवा आ रही है।
कट्टी लेकर सड़कों पर जनता, टैंकर माफिया मालामाल
शहर के हालात यह हैं कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे कट्टी-डिब्बे लेकर पानी की तलाश में भटक रहे हैं। वहीं दूसरी ओर निजी टैंकर संचालकों ने हालात का फायदा उठाते हुए पानी के रेट मनमाने तरीके से दोगुने कर दिए हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
सीएमओ और इंजीनियर के बयान आमने-सामने
जब इस गंभीर संकट पर नगरपालिका सीएमओ इशांक धाकड़ से सवाल किया गया तो उन्होंने दावा किया लाइन चालू करा दी गई है।
लेकिन उसी नगर पालिका में पदस्थ सहायक यंत्री सचिन चौहान ने बिल्कुल उलट बयान देते हुए कहा कि अभी लाइन चालू नहीं हुई है, कल तक चालू कर दी जाएगी।
अब सवाल साफ है अगर लाइन चालू है तो शहर प्यासा क्यों और अगर लाइन चालू नहीं है तो सीएमओ किस आधार पर जनता को गुमराह कर रहे हैं?
सूत्रों की मानें तो जियो कंपनी द्वारा पाइप लाइन दो दिन पहले ही जोड़ दी गई थी, लेकिन नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों को वेतन न मिलने के कारण वाल्व नहीं खोले जाने की बात भी सामने आ रही है
यदि यह सच है, तो यह मामला जनता को बंधक बनाकर दबाव बनाने जैसा और घोर प्रशासनिक लापरवाही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि
क्या अधिकारियों की आपसी खींचतान की सजा जनता को दी जा रही है
क्या वेतन विवाद के नाम पर शहर को प्यासा रखना जायज है
और क्या मोबाइल कंपनी की लापरवाही पर कोई कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा
चार दिन से सूखा पड़ा शिवपुरी अब सिर्फ पानी नहीं, जवाब और जिम्मेदारी तय होने का इंतजार कर रहा है।
क्या कहना है
हा लाइन जुड़ गई है पानी चल रहा है काम हो चुका है
इशांक धाकड़ सीएमओ न.पा.
क्या कहना है
लाइन चालू अभी नही हुई मोटर का काम चल रहा है। कल शाम तक चालू हो जाएगा।
सचिन चौहान एई नगरपालिका
