श्योपुर
भगवान के जन्म उत्सव पर शहर में होगी भव्य सजावट
श्योपुर। शहर में श्रीराम जन्म उत्सव की तैयारियां रविवार से शुरू हो गई है। 27 मार्च शुक्रवार को श्रीराम जन्म उत्सव चल समारोह को लेकर समिति के पदाधिकारी दिन रात तैयारियों में जुटे हुए है, तो वहीं जन सम्पर्क कर घर घर लोगो को आमंत्रित भी कर रहे हैं, इसी क्रम में श्रीराम जानकी मंदिर को भी जगमग रोशनियों से सजा दिया गया है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि श्रीराम जानकी मंदिर के महंतश्री रामभरोसे जी महाराज के सानिध्य में इस वर्ष श्रीराम जन्म उत्सव काफी विशेष होगा, जिसमें अलग अलग हिस्सों से कलाकार चल समारोह में विभिन्न झांकियों के साथ शामिल होंगे तो वहीं चल समारोह मार्ग को अयोध्या की तर्ज पर विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
श्रीराम जन्म उत्सव समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद मित्तल एवं सचिव सतीश सिंहल ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीराम का जन्म उत्सव वृहद स्तर पर मनाया जायेगा, इसके लिए 27 मार्च शुक्रवार को दोपहर 12 बजे किला सोनघटा स्थित श्रीरामजानकी मंदिर पर भगवान का प्राकट्योत्सव मनाया जायेगा और विशेष मंडली द्वारा संकीर्तन, भजनो का गायन होगा, इसके पश्चात सायं 04 बजे श्रीराम जानकी मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली जायेगी जो प्रमुख मार्गों से निकलेगी। इस दौरान चल समारोह मार्ग पर विशेष साज सज्जा की जा रही है। समिति पदाधिकारियों ने शहर के सभी सनातनी बंधुओं से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति का अनुरोध किया है।
