फसल कटाई के लिए मजदूरी पर जा रही महिलाओं से भरा ऑटो पलटा, एक की दर्दनाक मौत आधा दर्जन को प्राथमिक उपचार के बाद गुना किया रैफर

राज्य

गुना 

जिले के धरनावदा थाना अंतर्गत रूठियाई-धरनावदा मार्ग पर मंगलवार सुबह फसल कटाई के लिए जा रही एक दर्जन के करीब महिला मजदूरों के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। टोडा-हरिपुरा गांव के पास मजदूरों से भरा एक ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दबने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और करीब एक दर्जन महिलाएं घायल हो गईं।
खेत पर जा रही थीं डेढ़़ दर्जन महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूठियाई निवासी करीब डेढ़ दर्जन से अधिक महिलाओं को एक ऑटो चालक एमपी ऑटो क्रमांक 08 पी 1534 से अपने ही खेत पर फसल की कटाई करवाने के लिए ग्राम पदना ले जा रहा था। जैसे ही ऑटो हरिपुरा के पास पहुंचा, तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक वजन होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। हादसे में फूलबाई (42) उर्फ फूल्लो बाई पत्नी रामस्वरूप प्रजापति निवासी मंडी प्रांगण के पीछे रुठियाई की ऑटो के नीचे दबने से मौके पर ही जान चली गई। इस दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने तीन-चार पलटी खाई।
हादसे के बाद चालक फरार, घायलों का उपचार जारी
मृतिका के भतीजे पवन प्रजापति ने बताया कि उनकी चाची फूलबाई प्रजापति अन्य महिलाओं के साथ फसल काटने के लिए सुबह 7 बजे पदना के लिए ऑटो में बैठकर निकली थी। टोडा-हरिपुरा के निकट टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। लगभग तीन-चार पलटी मारने से ऑटो में सवार फूलबाई की म्मौत हो गई। जबकि एक दर्जन के करीब घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। घायल महिलाओं को निजी वाहनों की मदद से पहले रूठियाई अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गुना रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार फिलहाल रुठियाई स्वास्थ्य केंद्र में पांच एवं गुना जिला अस्पताल में छह को रैफर किया गया है।
मजदूरी से चलता था मृतिका का घर
मृतिका फूलबाई अपने पीछे चार बच्चे छोड़ गई है। पति-पत्नी दोनों मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। महिला रोज फसल कटाई के लिए सुबह-सुबह निकल जात थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *