दतिया
गैरपंजीकृत परी पैथोलॉजी लैब बंद कर संचालक को नोटिस देकर दी कड़ी चेतावनी
दतिया। जिले में संचालित एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उप स्वास्थ्य केन्द्र उचाड़ में आयोजित वैक्सीनेशन शिविर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र पर डॉक्टर एवं स्टाफ उपस्थित पाए गए और टीकाकरण की प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संचालित होती मिली। अधिकारियों ने टीकाकरण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी विस्तार से जानकारी ली। जांच के दौरान केन्द्र पर वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गई। साथ ही किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए एईएफआई (एडवर्स इवेंट फॉलोइंग इम्यूनाइजेशन) किट भी उपलब्ध थी।
निरीक्षण में पाया गया कि टीकाकरण शिविर की व्यवस्था चाक-चौबंद थी और स्वास्थ्य कर्मी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहे थे। अधिकारियों ने उपस्थित स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान किशोरियों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक पात्र किशोरियों तक पहुंच बनाकर टीकाकरण कवरेज को और बढ़ाया जाए, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके और जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
वहीं दूसरी ओर भाण्डेर कस्बे में संचालित गैर पंजीकृत परी पैथोलॉजी लैब संचालन की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा के निर्देश पर भाण्डेर बीएमओ डॉ. दोहरे द्वारा परी पैथोलॉजी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लैब संचालन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर लैब को बंद कराकर नोटिस चस्पा किया गया और संचालक को चेतावनी दी गई।
