शिवपुरी
जिले के अमोला थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया डिपो में हुए गोलीकांड के बाद रविवार को गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। मृतका रानी सेन का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लगभग दो घंटे तक अंतिम संस्कार रोक दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पड़ोसी सुघर सिंह लोधी ने रानी सेन को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया, जहां शनिवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार दोपहर करीब 3 बजे महिला का शव ग्वालियर से सलैया लाया गया।
शव गांव पहुंचते ही परिजन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। परिजनों का आरोप था कि आरोपी ने सरकारी जमीन के रास्ते पर अवैध रूप से दुकान बना रखी है। परिजनों ने तहसीलदार और थाना प्रभारी से मांग की कि उक्त दुकान को तत्काल बुलडोजर से हटाया जाए। मांग पूरी होने तक उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और परिजनों से बातचीत की। करीब दो घंटे तक चली चर्चा के बाद तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि एक टीम गठित कर स्थल का सर्वे कराया जाएगा और यदि अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार दुकान हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद शाम को रानी सेन का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से गांव में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
