भारत की उभरती महिला टेनिस खिलाड़ी है वैष्णवी

खेल

बेंगलुरु

हाल में डब्ल्यू100 आईटीएफ टूर्नामेंट में उपविजेता रही भारत की उभरती महिला टेनिस स्टार वैष्णवी अडकर डब्ल्यूटीए रैंकिंग में लंबी छलांग लगाकर 466 वें स्थान पर पहुंच गयी हैं। इसी के साथ ही वैष्णवी 224 स्थान की छलांग लगाते हुए देश की नई नंबर-2 महिला एकल खिलाड़ी बन गयी हैं। वाइल्डकार्ड एंट्री से आईटीएफ टूर्नामेंट खेलने उतरी वैष्णवी ने तीन जीत हासिल करते हुए दो शीर्ष-150 खिलाड़ियों को हराकर फाइनल तक का सफर तय किया था। इस प्रकार आईटीएफ 100 स्तर या उससे ऊपर के टूर्नामेंट में कोई भारतीय महिला खिलाड़ी लंबे समय के बाद फाइनल तक पहुंची हैं। वैष्णवी ने 2022 में पेशेवर टेनिस खेलना शुरु किया था। साल 2024 में उन्होंने अहमदाबाद में आईटीएफ डब्ल्यू15 खिताब जीता और मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए 125 में भी ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ी के खिलाफ सेट जीता था।पिछले साल यूरोप में बड़े आईटीएफ टूर्नामेंटों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वह रोहन बोपन्ना की अकादमी में अभ्यास के लिए गयी जहां कोच बालाचंद्रन मणिक्कथ की सलाह से इस खिलाड़ी ने तकनीकी और मानसिक दोनों स्तर पर अपने को निखारा । कोच का मानना है कि वैष्णवी में टॉप-200 ही नहीं बल्कि टॉप-100 में पहुंचने की भी क्षमता है। वैष्णवी का लक्ष्य ऊंचे स्तर के टूर्नामेंट खेलने और लगातार प्रदर्शन करने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *