मुरैना
जिले में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन 15,16,17 मार्च को जिला चिकित्सालय में होंगे विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने सर्किट हाउस पर बैठक कर दिए अधिकारियों को निर्देश
प्रति वर्ष की भाँति इस वर्ष भी विशाल नेत्र शिविर एवं निःशुल्क नेत्र परीक्षण तथा मोतियाबिंद के ऑपरेशन 15,16 व 17 मार्च को जिला चिकित्सालय मुरैना में किए जायेंगे। इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को सर्किट हाउस पर व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, महापौर शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, राज्य प्रबंधक ईफको भोपाल डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुरैना डॉ. बी.एस. जादौन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय, सिविल सर्जन डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर, अंधतत्व निवारण के नोडल एवं आयुक्त नगर निगम सत्येन्द्र धाकरे, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विशाल नेत्र शिविर का शुभारंभ पुलिस परेड ग्राउंड मुरैना में 13 मार्च से शुरू होगा। इसी दिन विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में निर्धन परिवारों के वे व्यक्ति जिनकी आंखों की रोशनी कम हो रही है, उनकी निःशुल्क जांच एवं मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। इसके लिए 14 मार्च को सिविल हॉस्पीटल अंबाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पोरसा, आसमानी माता मंदिर ग्राम ओरेठी पोरसा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र किर्रायच, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुमावली और जिला चिकित्सालय मुरैना में जांच शिविर प्रातः 9 बजे से सायं 4ः30 बजे तक होंगे। रविवार, 15 मार्च को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जौंहा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दिमनी, सिविल हॉस्पीटल खड़ियाहार, सिविल हॉस्पीटल बानमौर और जिला चिकित्सालय मुरैना में जांच शिविर प्रातः 9 से सायं 4ः30 बजे तक होंगे। इसी प्रकार 16 मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सबलगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कैलारस, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहाडगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रिठौराकलां और जिला चिकित्सालय मुरैना में प्रातः 9 से सायं 4ः30 बजे तक जांच की जाएंगी। बैठक में बताया गया कि मोतियाबिंद के ऑपरेशन 15,16 एवं 17 मार्च को जिला चिकित्सालय मुरैना में किए जाएंगे। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए मरीज दो पासपोर्ट साइज फोटो, वोटर आईडी या आधार कार्ड की फोटोकॉपी एवं मोबाइल नंबर साथ लेकर आएं। बैठक के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर रोकने के लिए रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और फ्लैक्स बैनर पर हस्ताक्षर भी किए।
