हर्ष फायरिंग मामले में विधायक पर दर्ज हुई एफआईआर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने घेरा बडौदा थाना, निरस्त करने की मांग की

श्योपुर

श्योपुर

जिले के बडौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मूंडला गांव में खेमजी महाराज के मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली गई शिव बारात में हर्ष फायरिंग के कथित मामले को लेकर श्योपुर विधायक बाबू जंडेल के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर सियासत तेज हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बड़ौदा ने इस एफआईआर को झूठा और षड्यंत्रपूर्वक बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बड़ौदा के अध्यक्ष मुरारीलाल प्रजापति के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ौदा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उसे निरस्त करने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर खेमजी महाराज स्थल पर शिव-पार्वती प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शिव बारात निकाली गई थी। इसी दौरान घोड़े पर सवार विधायक को किसी श्रद्धालु ने खिलौने जैसी एयरगन (चिड़ी मार बंदूक) थमा दी थी, जिसे उन्होंने चलाया। कांग्रेस का दावा है कि यह कृत्य किसी भी प्रकार से आपराधिक श्रेणी में नहीं आता है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा युवा मोर्चा ने बिना तथ्यों को जाने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है।ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि सत्ता के दबाव में की गई यह कार्रवाई वापस नहीं ली गई, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में रितेश तोमर, रामभरत मीणा, अंशु शुक्ला, नीरव पारीक, दिलखुश मीणा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी शामिल थे। अब इस मामले में पुलिस जांच और प्रशासनिक रुख पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *