इंदौर
जबरन निवेश कराने वाली कंपनी पर पुलिस का छापा
इंदौर (NEWS UPDATE):इंदौर के राजेंद्र नगर में ‘ड्रीम लाइफ वेलनेस’ कंपनी द्वारा नौकरी के नाम पर युवतियों को बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस मानव तस्करी और जबरन निवेश के एंगल से जांच कर रही है।
इंदौर शहर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नौकरी का सपना दिखाकर बुलाई गईं करीब 30 युवतियों को उनकी मर्जी के खिलाफ एक परिसर में बंधक बनाकर रखा गया।
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में संचालित ‘ड्रीम लाइफ वेलनेस’ (Dream Life Wellness) नामक कंपनी के खिलाफ यह गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 7 युवतियां अपने परिजनों और वकील के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए कंपनी और उससे जुड़े हॉस्टल पर छापेमारी कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्तेदारों से 16,000 रुपये निवेश कराने का दबाव
बंधक बनाई गई युवतियों पर यह दबाव बनाया जा रहा था कि वे अपने रिश्तेदारों और परिचितों को फोन करें, उन्हें कंपनी से जोड़ें और उनसे 16,000 रुपये का निवेश कराएं।
कंपनी ने इसके बदले अच्छी कमाई का वादा किया था, लेकिन युवतियों को कोई भुगतान नहीं किया गया। यह पूरा मॉड्यूल एक पोंजी स्कीम या चेन-मार्केटिंग फ्रॉड की तरह काम कर रहा था।
अहमदाबाद भेजने की चर्चा सुन घबराईं युवतियां, ऐसे बची जान
युवतियों के अनुसार, स्थिति तब और गंभीर हो गई जब उन्होंने कंपनी संचालकों को आपस में बातचीत करते सुना कि इन लड़कियों को अहमदाबाद भेजा जाना है। इस चर्चा को सुनकर युवतियां बुरी तरह घबरा गईं। उन्होंने किसी तरह चुपके से रतलाम पुलिस से संपर्क किया और फिर इंदौर पहुंचकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय में गुहार लगाई।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गोरखधंधा ‘ड्रीम लाइफ वेलनेस’ और ‘महादेव एंटरप्राइजेस’ के नाम से संचालित हो रहा था। शिकायतकर्ताओं में कुछ नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं, जिसकी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
