ग्वालियर
केस सुलझाने के नाम पर महिला से नजदीकी बढ़ाई
ग्वालियर (NEWS UPDATE): ग्वालियर के महिला थाने में भोपाल एसटीएफ में पदस्थ निरीक्षक आनंद कुमार जाटव के खिलाफ शादी का झांसा देकर 3 साल तक शारीरिक शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज किया गया।
आरोपी पुलिस अधिकारी इससे पहले थाटीपुर थाने में एसआई और टेकनपुर चौकी प्रभारी के रूप में पदस्थ रह चुका है।
केस खत्म करने के नाम पर बढ़ाई थी नजदीकियां
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में उसका पति से विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में उसकी मुलाकात तत्कालीन एसआई आनंद कुमार जाटव से हुई थी। आरोपी ने केस जल्द निपटवाने का भरोसा दिलाकर महिला का मोबाइल नंबर लिया और बातचीत शुरू कर दी।
10 अक्टूबर 2022 की देर रात करीब 11 बजे आरोपी महिला के किराए के कमरे पर पहुंचा। महिला द्वारा रात में आने पर आपत्ति जताने पर आरोपी ने झूठी कहानी गढ़ते हुए कहा कि उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और कुछ ही दिनों की मेहमान है। पत्नी की मौत के बाद शादी करने का वादा करके उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
3 साल तक शोषण, ट्रांसफर के बाद शादी से किया इंकार
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे अपने परिचित सिपाही के मकान में कमरा दिलवाया और अप्रैल 2025 तक लगातार शादी का भरोसा देकर उसका शोषण करता रहा। इसके बाद आनंद जाटव का तबादला एसटीएफ भोपाल में हो गया। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा।
महिला थाना प्रभारी रश्मि सिंह भदौरिया का बयान
“पीड़िता की शिकायत के आधार पर एसटीएफ निरीक्षक आनंद कुमार जाटव के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।”
