ग्वालियर
आदित्य क्रिकेट वर्ल्ड अकादमी में शुरू हुआ ‘द वन’ सेंटर, युवाओं को मिलेगी आधुनिक ट्रेनिंग
भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने गुरुवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान आदित्य क्रिकेट वर्ल्ड अकादमी में ‘द वन हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महान आर्यमान सिंधिया, पूर्व क्रिकेटर सबा करीम एवं पूर्व आईएएस प्रशांत मेहता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हाई परफॉर्मेंस सेंटर की स्थापना से ग्वालियर सहित प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी। यहां फिटनेस, तकनीकी दक्षता और पेशेवर कोचिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जा सकेगा।
इस अवसर पर शिखर धवन ने कहा कि छोटे शहरों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और संसाधनों की है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन और नियमित अभ्यास के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा दी।
महान आर्यमान सिंधिया ने कहा कि इस प्रकार के सेंटर प्रदेश में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देंगे और ग्वालियर को खेल प्रतिभाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।
