कुशमौदा के पास ट्रक का कोहराम: आधा दर्जन वाहनों को रौंदा, एक की मौत और कई घायल

राज्य

गुना

शहर के समीप कमला पेट्रोल पंप और कुशमौदा के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने भीषण तबाही मचाई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मक्का के रैक के लिए महुगढ़ा रैक प्वाइंट की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर चल रही करीब आधा दर्जन गाड़ियों को बेरहमी से रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में विकास नगर निवासी 28 वर्षीय शिवनंदन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मूल रूप से ग्राम सोहाया का रहने वाला था और शहर में मेसी ट्रैक्टर शोरूम पर कार्यरत था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी ट्रक की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक सवार ट्रक के नीचे ही फंस गया। ट्रक बाइक को लगभग 100 फीट तक घसीटते ले गया।
हादसे में घायल हुए लोग अलग-अलग कार्यों से अपने गांवों से गुना शहर की ओर आ रहे थे। घायल कैलाशबाबू सिसोदिया (75) अपने बेटे के साथ गांव से इलाज कराने आ रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वहीं राघौगढ़ निवासी नारायण सिंह सिसोदिया अपनी पत्नी के साथ अपने बीमार भाई को देखने गुना आ रहे थे, जो इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक अन्य घायल के भाई डॉ. आरबी धाकड़ ने बताया कि उनके कजिन कैलाशबाबू धाकड़ और चाचा दौलतराम धाकड़ भी इस हादसे का शिकार हुए हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि महुगढ़ा रैक प्वाइंट होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव अत्यधिक रहता है और ट्रक चालक अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ट्रक को जप्त कर लिया है और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ने जिस तरह से वाहनों को रौंदा, उससे मौके पर चीख-पुकार मच गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *