नई दिल्ली
युवा ग्राहक ट्रेंडी डिज़ाइन और हल्के गहनों की ओर हो रहे हैं आकर्षित
देश में सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे पारंपरिक 22 कैरेट सोने की मांग पर असर पड़ा है। ग्राहक अब केवल निवेश के रूप में सोना नहीं बल्कि पर्सनल स्टाइल और पहचान के लिए ज्वेलरी चुन रहे हैं। इस बदलाव के चलते 22 कैरेट के भारी गहनों की तुलना में 18 कैरेट सोने की मांग तेजी से बढ़ रही है। विशेषज्ञों के अनुसार 18 कैरेट सोने की कीमत 22 कैरेट की तुलना में 15-20 प्रतिशत कम होने के कारण बजट पर दबाव कम करती है। सिर्फ सस्ता विकल्प न रहकर चांदी और स्टर्लिंग सिल्वर अब फैशन की पहचान बन गए हैं। युवा ग्राहक ट्रेंडी डिज़ाइन और हल्के गहनों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। बढ़ती कीमतों के बावजूद चांदी निवेशकों के लिए भी आकर्षक विकल्प बन रही है। पिछले एक साल में चांदी ने निवेशकों को बेहतर रिटर्न दिए हैं, जिससे इसे सुरक्षित और लाभकारी निवेश के तौर पर देखा जाने लगा है। डायमंड ज्वेलरी की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है। हालांकि फिलहाल यह शुरुआती चरण में है, लेकिन युवा वर्ग के बीच इसका स्टाइल और पहचान के लिए आकर्षण बढ़ रहा है। इसे रोजमर्रा में पहनने के लिए हल्के और मॉडर्न डिज़ाइन में अधिक मांग दिखाई दे रही है। महंगे सोने ने ग्राहकों की प्राथमिकताओं को बदल दिया है। अब बाजार में बजट-अनुकूल विकल्प, स्टाइलिश डिज़ाइन और निवेश क्षमता तीनों का संतुलन देखने को मिलता है। ग्राहक केवल सोने को निवेश नहीं बल्कि रोजमर्रा में पहनने योग्य, हल्का और फैशनेबल विकल्प भी मान रहे हैं।
