मरने से पहले महिला ने हाथ-पैरों पर मेहंदी से लिखा सुसाइड नोट

राज्य

छिंदवाड़ा (NEWS UPDATE): जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां चौरई थाना क्षेत्र की रहने वाली 32 वर्षीय प्रीति वर्मा ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

लेकिन दम तोड़ने से पहले मृतका ने जो कदम उठाया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। प्रीति ने कागज के बजाय अपने हाथ और पैरों पर ही मेहंदी से अपना दर्दनाक सुसाइड नोट लिख डाला।

कागज फटने का था डर, इसलिए शरीर को ही बना दिया सुसाइड नोट

मृतका के भाई हरिओम जांघेला ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस अनोखे सुसाइड नोट के पीछे की बड़ी वजह का खुलासा किया है। भाई के मुताबिक, प्रीति को शायद इस बात का डर था कि उसकी मौत के बाद ससुराल के लोग कागज पर लिखे सुसाइड नोट को फाड़कर सबूत मिटा सकते हैं।

यही वजह थी कि उसने अपनी मौत से ठीक पहले अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से प्रताड़ना की पूरी कहानी लिख दी, ताकि कोई भी चाहकर भी उसकी आखिरी गवाही को मिटा न सके।

“शादी के 13 साल बाद भी प्रीति को सिर्फ प्रताड़ना मिली। शारीरिक और मानसिक रूप से उसे इस कदर तोड़ा गया कि उसे यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा।”

— हरिओम जांघेला (मृतका का भाई)

13 साल का प्रताड़ना भरा सफर और पुलिस की भूमिका

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रीति की शादी करीब 13 साल पहले लखन वर्मा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और उसके परिवार वाले प्रीति को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

हैरान करने वाली बात यह है कि प्रीति ने इस प्रताड़ना के खिलाफ पहले भी दो से तीन बार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन हर बार उसका पति लखन उसे झूठे भरोसे और बातों में फंसाकर मामले को रफा-दफा कर देता था और घर वापस ले आता था। आखिरकार प्रताड़ना की हद पार होने पर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पुलिस ने शुरू की जांच, सुसाइड नोट की कराई वीडियोग्राफी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने मृतका के हाथ और पैरों पर मेहंदी से लिखे गए सुसाइड नोट की पूरी वीडियोग्राफी कराई है, ताकि इसे अदालत में पुख्ता सबूत के तौर पर पेश किया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर ससुराल पक्ष के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

 

Priti Verma Mehndi Suicide Note

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *