झांसी,
झांसी(HRIDAY STAMBH);
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक सनसनीखेज और बेहद गंभीर मामला सामने आया है। जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र के नारायणपुरा गांव में कथित जहरीली शराब पीने से कई लोगों की असमय मौत की खबर के बाद पूरे इलाके में हाहाकार मच गया। इस दुखद घटना से उग्र हुई स्थानीय महिलाओं के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने कानून-व्यवस्था को ताक पर रखते हुए शराब की दुकान पर सीधा धावा बोल दिया।
चीख-पुकार के बीच सड़क पर बहा दी लाखों की शराब
घटना से आक्रोशित दर्जनों महिलाओं ने नारायणपुरा स्थित शराब ठेके का घेराव किया और दुकान के भीतर रखी देशी व विदेशी शराब की बोतलों को कब्जा कर बाहर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर शराब का सैलाब आ गया और लाखों रुपये कीमत की शराब की बोतलें टूटकर चकनाचूर हो गईं। आक्रोशित महिलाओं का कहना था कि शराब के इस अवैध और जानलेवा कारोबार ने कई परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं और कई सुहाग उजाड़ दिए हैं, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस के सामने होता रहा हंगामा, वीडियो वायरल
हैरानी की बात यह रही कि जब महिलाएं शराब ठेके पर तोड़फोड़ और शराब नष्ट कर रही थीं, उस दौरान मौके पर पुलिस बल भी मौजूद था। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को शांत कराने और रोकने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित महिलाओं के रौद्र रूप के आगे उनकी एक न चली। महिलाएं पुलिस प्रशासन के सामने ही लगातार विरोध-प्रदर्शन करती रहीं और शराब की बोतलें सड़क पर पटकती रहीं। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से ट्रेंड कर रहा है और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
गांव में मातम के साथ भारी तनाव
कथित जहरीली शराब से हुई मौतों के आरोपों के बाद नारायणपुरा और आसपास के इलाकों में मातम के साथ-साथ भारी जन-आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध और मिलावटी शराब का कारोबार फल-फूल रहा था, जिसकी शिकायत के बावजूद आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस ने समय रहते कोई सख्त कदम नहीं उठाया।
फिलहाल, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है, वहीं मौतों के असली कारणों का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में जहरीली और अवैध शराब के काले कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

