शिवपुरी में भीषण आग: बड़ौदी क्षेत्र में नगर पालिका के टेंचिंग ग्राउंड के बाहर रखे पुराने GI पाइपों में लगी आग

शिवपुरी

 

शिवपुरी,

शिवपुरी(HRIDAY STAMBH);

मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर के बड़ौदी क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब नगर पालिका के टेंचिंग ग्राउंड के बाहर रखे पुराने जीआई (GI) पाइपों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उससे उठने वाला काले धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक आसमान में दिखाई दे रहा था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।

​सिंध जलावर्धन योजना के हैं पुराने पाइप

​मिली जानकारी के अनुसार, बड़ौदी स्थित नगर पालिका के टेंचिंग ग्राउंड के बाहर सिंध जलावर्धन योजना से जुड़े पुराने जीआई पाइपों का भंडारण किया गया था। बुधवार शाम को अचानक इन पाइपों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मौके पर धुएं का घना गुबार छा गया। धुएं को दूर से देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली।

​आग के कारणों का खुलासा नहीं

​फिलहाल, इन पुराने पाइपों में आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग किसी असामाजिक तत्व की करतूत थी, कोई लापरवाही थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। इस घटना से हुए नुकसान का आकलन भी अभी सामने आना बाकी है।

​सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

​नगर पालिका के टेंचिंग ग्राउंड के बाहर खुले में सरकारी सामग्री का इस तरह पड़ा रहना और उसमें आग लगने की घटना ने प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि इन पाइपों का भविष्य में इस्तेमाल होना था, तो इनकी उचित सुरक्षा और रख-रखाव के इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

​फिलहाल, इस मामले में संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *