कोटा/भोपाल
खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहा टैंपो ट्रैवलर पुलिया से 15 फीट नीचे गिरा, 17 घायल; वाहन में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए तोड़नी पड़ीं खिड़कियां
कोटा । राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के भोपाल और बैतूल के आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। यात्रियों से भरा टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल के पास सुबह करीब छह बजे हुआ। वाहन में सवार लोग भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। वाहन के नीचे गिरने से कई यात्री अंदर फंस गए थे। घायलों को निकालने के लिए खिड़कियां तोड़नी पड़ीं, जबकि कुछ मृतकों के शव सीटों के बीच फंसे हुए थे। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। घायल 17 यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में युवा और महिलाएं भी शामिल
सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह के अनुसार, मृतकों में बैतूल जिले के मुलताई, साईंखेड़ा और पाटन क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। भोपाल के राजीव नगर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों की भी हादसे में जान गई है। मृतकों में 25 वर्षीय वैष्णवी गावंडे, 22 वर्षीय त्रिशा गोडकी और 27 वर्षीय सचिन गिरी के अलावा 55 वर्षीय कृष्णाराव गोडके और 50 वर्षीय अनिता के नाम सामने आए हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सुबह के समय कम रोशनी के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। एक साथ आठ लोगों की मौत और 17 यात्रियों के घायल होने की घटना से मध्यप्रदेश के भोपाल और बैतूल में शोक का माहौल है।

