शिवपुरी/करेरा,
शिवपुरी(HRIDAY STAMBH);मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा अनुभाग के दिनारा थाना क्षेत्र से एक अनोखा और चर्चा का विषय बना मामला सामने आया है। यहां ग्राम सहराया में पारिवारिक कलह के बाद एक महिला ने गुस्से में आकर कुएं में छलांग लगा दी। हैरानी की बात यह रही कि महिला ने कुएं से बाहर आने के लिए एक अनोखी शर्त रख दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सहराया की रहने वाली पार्वती का किसी बात को लेकर अपने पति के साथ विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर पार्वती ने पास ही के एक कुएं में छलांग लगा दी। गनीमत यह रही कि समय रहते ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए पार्वती की जान बचाने के लिए कुएं में रस्सियां और चारपाई (खटिया) नीचे उतारी, ताकि वह उस पर बैठकर सुरक्षित ऊपर आ सके।
पार्वती की अनोखी जिद: “पहले पति मांगे माफी”
जब ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की, तो वहां एक दिलचस्प और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। पार्वती अपनी जिद पर अड़ गई और कुएं से बाहर आने से साफ इनकार कर दिया।
उसकी एक ही शर्त थी — जब तक उसका पति आकर उससे सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगता, वह कुएं से बाहर नहीं आएगी।
मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। आखिरकार, परिस्थिति की नजाकत को भांपते हुए पति को कुएं के पास आना पड़ा और उसने अपनी पत्नी से माफी मांगी। पति के माफी मांगने के बाद ही पार्वती कुएं से बाहर आने के लिए राज़ी हुई, जिसके बाद उसे सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह पूरा घटनाक्रम इलाके में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरे ड्रामे का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इसकी तुलना मशहूर गीत “जब जिद पे अड़ गई पार्वती…” से कर रहे हैं।
फिलहाल, गनीमत यह रही कि ग्रामीणों की सूझबूझ और समय पर की गई कोशिशों से महिला की जान सुरक्षित बचा ली गई और आपसी समझौते के बाद मामला शांत हो गया।
