डबरा,
डबरा(HRIDAY STAMBH);अवैध गतिविधियों और जुआ माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछोर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पिछोर रोड स्थित बड़ी नहर के पास चल रहे जुआ फड़ पर अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस अप्रत्याशित दबिश से मौके पर मौजूद जुआरियों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पिछोर थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि बड़ी नहर के पास बड़े पैमाने पर जुए का खेल संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार के निर्देशन और पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस बल की एक विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।
वाहन छोड़कर भागे जुआरी
पुलिस टीम को अचानक सामने देख जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। आरोपी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने फड़ स्थल को घेरकर सघन चेकिंग की और मौके से जुआरियों द्वारा छोड़े गए कुल 5 दोपहिया वाहन (4 मोटरसाइकिलें और 1 स्कूटी) जब्त कर लिए।
वाहन मालिकों की पहचान में जुटी पुलिस
कार्रवाई के बाद नगर पालिका कर्मचारियों के सहयोग से जब्त सभी गाड़ियों को पिछोर थाना परिसर भिजवाया गया। पुलिस अब गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर उनके मालिकों और फरार आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है।
इलाके में हड़कंप
थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत की इस सख्त कार्रवाई से सट्टेबाजों और जुआरियों में खौफ का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे धरपकड़ अभियान जारी रहेंगे।

