ग्वालियर
महिलाओं ने कलेक्टर से लगाई गुहार, बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा का हवाला देकर दुकान हटाने की अपील
ग्वालियर। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 129 आमजनों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में डबरा-पिछोर तिराहे पर संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग भी प्रमुखता से उठी। महिलाओं ने कलेक्टर को शिकायत देकर कहा कि तिराहे पर शराब दुकान होने से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बच्चों, महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा का हवाला देते हुए दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
जनसुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली और पुलिस से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। जमीन संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण के लिए एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए गए। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का भी प्राथमिकता से निराकरण करने की हिदायत दी गई। जरूरतमंद आवेदकों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था भी कराई गई।
कुल प्राप्त 129 आवेदनों में से 71 आवेदन दर्ज किए गए, जबकि 58 आवेदन संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के लिए भेजे गए।

