ग्वालियर
गिरवाई नाका पर स्कूली वाहनों समेत ऑटो, बस और लोडिंग वाहनों की जांच, खामियां मिलीं तो 72 हजार 500 रुपए का जुर्माना
ग्वालियर। स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने वाहनों की जांच तेज कर दी है। बुधवार को कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर संभागीय उड़नदस्ता ने गिरवाई नाका-शिवपुरी लिंक रोड पर सघन जांच अभियान चलाया। स्कूली वाहनों के साथ ऑटो रिक्शा, यात्री बस, कार और लोडिंग वाहनों की जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर कुल 72 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान स्कूली वाहनों पर 25 हजार रुपए, ऑटो रिक्शा पर 23 हजार 900 रुपए, लोडिंग वाहनों पर 18 हजार रुपए, यात्री बसों पर 4 हजार रुपए और कार सहित अन्य चार पहिया वाहनों पर 1600 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बताया कि स्कूली एवं यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। विभिन्न वाहनों में कमियां पाए जाने पर मौके पर ही कार्रवाई की गई। संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी नीलम मिंज के नेतृत्व में दल ने यह कार्रवाई की।
