विजय और संगीता का तलाक केस बंद: CM विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने ली अर्जी वापस

मनोरंजन

चेन्नई

तलाक की अर्जी में लगाए गए थे गंभीर आरोप

चेन्नई (News update): तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की निजी जिंदगी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फरवरी में चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर तलाक की याचिका को उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने औपचारिक रूप से वापस ले लिया है। इसके बाद अदालत ने मामले को बंद कर दिया है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दर्ज कराया बयान

अदालत के सूत्रों के मुताबिक, संगीता सोरनालिंगम ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से सुनवाई में हिस्सा लिया। उन्होंने जज के सामने स्पष्ट किया कि वह अब इस तलाक केस को आगे नहीं बढ़ाना चाहती हैं।

संगीता का पक्ष सुनने और विपक्षी वकील की ओर से कोई आपत्ति न होने के बाद कोर्ट ने याचिका वापस लेने की मंजूरी दी और मामले को नस्तीबद्ध (Closed) कर दिया।

संगीता सोरनालिंगम ने याचिका में लगाए थे गंभीर आरोप

संगीता ने इस साल फरवरी में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। याचिका में उन्होंने कथित तौर पर व्यभिचार (एडल्टरी), इमोशनल नेगलेक्ट और वैवाहिक रिश्ते के पूरी तरह टूट जाने को तलाक का आधार बताया था। ये भी दावा किया गया था कि संगीता को साल 2021 में विजय के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशनशिप की जानकारी मिली थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि रिश्ता खत्म करने का भरोसा दिए जाने के बावजूद स्थिति नहीं बदली, जिससे उन्हें लगातार मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।

27 साल पुराना रिश्ता: 1999 में हुई थी शादी

विजय और संगीता की पहली मुलाकात 1996 में हुई थी। ब्रिटेन में पली-बढ़ीं संगीता विजय की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं। दोनों ने 1998 में ब्रिटेन में अपनी शादी रजिस्टर कराई और फिर 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। उनके दो बच्चे हैं—बेटा जैसन संजय और बेटी दिव्या साशा।

हालांकि संगीता सोरनालिंगम द्वारा याचिका वापस लेने से कोर्ट में चल रही कानूनी कार्यवाही समाप्त हो गई है, लेकिन इस पर विजय या संगीता की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पारिवारिक मध्यस्थता और सुलझौते के प्रयासों के बाद यह कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *