भिंड
1500 रुपए के विवाद में पेट्रोल पंप कर्मचारी को मारी गोली, कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला का है पंप
भिंड (NEWS UPDATE): जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोहार गांव में स्थित एक पेट्रोल पंप पर मात्र 1500 रुपए के विवाद में सगे भाइयों ने एक कर्मचारी के सिर में गोली मार दी। घायल कर्मचारी को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।
यह पेट्रोल पंप मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला का बताया जा रहा है। वारदात रविवार रात करीब 8:15 बजे की है। घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
डीजल के 1500 रुपए मांगने पर भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोहार गांव में संचालित ‘किसान सेवा केंद्र’ पेट्रोल पंप पर रविवार रात कोहार निवासी ब्रह्म किशोर (उर्फ ब्रह्मा पचौरी) डीजल लेने पहुंचा था। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी वेदप्रकाश उर्फ करू ने ब्रह्मा से पहले डलवाए गए डीजल के 1500 रुपए मांगे। इस पर ब्रह्मा ने पैसे दे देने की बात कही, जबकि कर्मचारी ने इसे झूठ बताया। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि ब्रह्मा ने अपने भाई गजेंद्र पचौरी को भी मौके पर बुला लिया।
कट्टा निकालकर सिर में मारी गोली
विवाद के दौरान ब्रह्मा और गजेंद्र गालियां देते हुए पंप से करीब सौ मीटर दूर चले गए। कर्मचारी वेदप्रकाश भी उनके पीछे गया, जहां झगड़ा और अधिक बढ़ गया। इसी दौरान ब्रह्मा ने अवैध कट्टा निकाला और वेदप्रकाश पर फायर कर दिया। गनीमत यह रही कि गोली सिर के बायीं ओर से छूकर निकल गई।
गोलीबारी की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप का अन्य स्टाफ दौड़कर पहुंचा। खून से लथपथ वेदप्रकाश को तुरंत मेहगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, आरोपी फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए। मेहगांव थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
मेहगांव टीआई (TI) रविंद्र शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, “पेट्रोल पंप कर्मचारी पर डीजल की उधारी के विवाद को लेकर हमला किया गया है। घायल की स्थिति अब खतरे से बाहर है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए गांव व रिश्तेदारों के यहां लगातार दबिश दी जा रही है।”
