कटनी
सीएम तक पहुंची शिकायत
कटनी (NEWS UPDATE):कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया पर ट्रांसपोर्टर से वसूली और हत्या के मामले में 75 लाख रुपए मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं।
जिले में पदस्थ नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एयर होस्टेस की नौकरी छोड़कर पुलिस सेवा में आई CSP नेहा पच्चीसिया पर अवैध वसूली और हत्या के एक मामले में लेन-देन के बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुँचने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने त्वरित संज्ञान लिया है।
ट्रांसपोर्टर से अवैध वसूली का आरोप और SP की त्वरित कार्रवाई
ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र जैन की 5 गाड़ियां रेत और डोलोमाइट परिवहन के काम में लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि 21 जुलाई की रात चेकिंग के नाम पर हाईवा को रोककर CSP नेहा पच्चीसिया ने 30000 रुपए मांगे। तुरंत 25000 रुपए दिए भी गए। महेंद्र जैन ने 22 जुलाई को कटनी एसपी SP अभिनय विश्वकर्मा से मामले की शिकायत कर दी।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कटनी SP अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच कराई। इसके बाद CSP नेहा पच्चीसिया के चालक आरक्षक केशव सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया गया। साथ ही, प्रशासनिक स्तर पर कदम उठाते हुए CSP के अधिकार क्षेत्र से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थानों का प्रभार वापस लेकर अजाक DSP शिवा पाठक को सौंप दिया गया।
हत्या के मामले में 75 लाख रुपए की डील का आरोप
ट्रांसपोर्टर से वसूली के मामले के अलावा, CSP नेहा पच्चीसिया पर हत्या के एक प्रकरण में 75 लाख रुपए की मांग करने और जमीन बेचने का दबाव बनाने का आरोप भी लगा है।
3 अप्रैल को एक हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी आकाश लोधी और उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा केस में राहत देने के नाम पर जमीन बेचने का दबाव बनाया गया।
आरोपी पक्ष और मृतक पक्ष के बीच समझौते/जेल से छुड़ाने की आड़ में 75 लाख रुपए की डील की बात सामने आई। आरोपी के पिता द्वारा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने के बाद पुलिस कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठे।
जबलपुर ASP अनु बेनीवाल को सौंपी गई जांच
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव तक शिकायतें की गई हैं। ट्रांसपोर्टर महेंद्र जैन से वसूली और हत्या के आरोपी आकाश लोधी की शिकायत पर IG ने एक्शन लिया है। दोनों मामलों की जांच जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को सौंप दी गई है।
Katni CSP Neha Pachisiya
