नई दिल्ली
Meta India Head और दर्जनों यूजर्स पर FIR; कंपनी ने दिया ये बयान
नई दिल्ली (NEWS UPDATE): NEET Paper Leak मामले को लेकर दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन अब विवादों में घिर गया है। आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और फर्जी सामग्री शेयर करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
इस मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने कई सोशल मीडिया यूजर्स के साथ-साथ Meta India Head पर भी मामला दर्ज किया है।
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस का बड़ा एक्शन
हैदराबाद के साइबरक्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाते हुए फर्जी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो फैलाने वाले कई फेसबुक-इंस्टाग्राम अकाउंट्स के यूजर्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में मेटा कंपनी के भारत प्रमुख पर भी शिकायत दर्ज हुई है।
FIR के बाद Meta का आधिकारिक बयान आया सामने
मामले में कानूनी शिकंजा कसने के बाद मेटा (Meta) की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। कंपनी के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा:
“हम संबंधित जांच एजेंसियों के लगातार संपर्क में हैं और इस मामले को सुलझाने में अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। फिलहाल इस विषय पर हम और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।”
BJP सांसद सदानंद शेट्टी का बयान: ‘आंदोलन भटक चुका है’
भाजपा सांसद सदानंद शेट्टी तनावड़े ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों का आंदोलन शुरू तो अच्छे मुद्दे पर हुआ था, लेकिन इसमें बिना संबंध वाले लोग घुस गए।
उन्होंने कहा- पुलिस पर पत्थर फेंकना, गालियां देना और प्रधानमंत्री जैसे व्यक्ति को सोशल मीडिया पर गंदी भाषा में टारगेट करना बिल्कुल गलत है। सांसद ने केस दर्ज किए जाने का स्वागत किया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदर्शन का अधिकार सबको है, लेकिन इसमें सीमा का ध्यान रखना जरूरी है। व्यक्तिगत हमले और फर्जी सामग्री फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
