अंधभक्त नहीं, भक्त बनो,धार में लेडी CHO की पोस्ट पर बवाल

राज्य

धार 

बीजेपी के विरोध के बाद बर्खास्तगी की तैयारी

धार (NEWS UPDATE):धार जिले में एक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। स्वास्थ्य केंद्र के अंदर बैठकर सरकार विरोधी वीडियो बनाने और टिप्पणी करने के आरोप में बीजेपी नेताओं ने कड़ा ऐतराज जताया है।

मामले को सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने CHO की सेवा समाप्ति के लिए पत्र लिख दिया है।

​उप स्वास्थ्य केंद्र से बनाया सोनम वांगचुक के समर्थन में वीडियो

मामला बाग ब्लॉक अंतर्गत काकड़वा गांव का है। यहां पदस्थ सीएचओ किरण भाटिया ने उप स्वास्थ्य केंद्र के भीतर एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।

इस वीडियो में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन, लाठीचार्ज और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन की बातें कही गई थीं। वीडियो में केंद्र सरकार की नीतियों और समर्थकों पर तंज कसा गया था।

​’जाग जाओ अंधभक्तों, शिवजी के भक्त बनो’ — वीडियो में क्या कहा?

सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में किरण भाटिया ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का फुटेज दिखाते हुए कहा:

“मुझे उन अंधभक्तों पर हंसी आती है जो इतना सब होने के बाद भी कहते हैं कि मोदी सरकार इज द बेस्ट। लोगों को कितना हिप्नोटाइज किया गया है कि वे सही-गलत की पहचान भी नहीं कर पा रहे हैं। जाग जाओ अंधभक्तों!”

आगे उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल (कांग्रेस या बीजेपी) का समर्थन नहीं कर रही हैं, बल्कि जो सही है (सोनम वांगचुक) उनके साथ हैं। उन्होंने सलाह देते हुए कहा, “अंधभक्त बनने के बजाय हमारे 33 कोटि देवी-देवताओं और शिवजी के भक्त बनो, जीवन सुधर जाएगा।”

​पोस्ट हटाई, मांगी माफी; लेकिन CMHO ने भेजा बर्खास्तगी का पत्र

बवाल बढ़ता देख सीएचओ किरण भाटिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से विवादित वीडियो हटा दिया और एक नया बयान जारी कर माफी मांगी। उन्होंने सफाई दी कि उनका मकसद सरकार की आलोचना करना या किसी की भावनाएं आहत करना नहीं था।

हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। धार की सीएमएचओ डॉ. अनीता सिंगारे ने बताया कि सरकारी कर्मचारी द्वारा इस तरह का कृत्य अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। उन्होंने किरण भाटिया को सेवा से पृथक (बर्खास्‍त) करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संचालक को औपचारिक पत्र भेज दिया है।

 

 

Dhar CHO Viral Video

Sonam Wangchuk Support Video

Civil Services Conduct Rules

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *