उम्मीदवार भले आशुतोष तिवारी हैं, लेकिन असली परीक्षा नरोत्तम मिश्रा की

दतिया

दतिया

डॉ. नरोत्तम मिश्रा के लिए क्यों ‘प्रतिष्ठा का प्रश्न’ बना यह चुनाव?

दतिया (HRIDAY STAMBH): दतिया विधानसभा उपचुनाव का मैदान पूरी तरह सज चुका है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं, जिसके बाद से क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी सातवें आसमान पर पहुंच गई है। भाजपा की ओर से आशुतोष तिवारी और कांग्रेस की तरफ से घनश्याम सिंह के मैदान में उतरने से यह मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह चुनाव सिर्फ आशुतोष तिवारी की जीत-हार का नहीं है, बल्कि यह पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) की राजनीतिक साख और वजूद की असली परीक्षा है।

ये विधानसभा सीट वर्षों से डॉ. नरोत्तम मिश्रा का गढ़ रही है। इस उपचुनाव में टिकट न मिलने के बाद उनके समर्थकों में भारी नाराजगी और विरोध के स्वर देखे गए थे। हालांकि, दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद डॉ. मिश्रा ने साफ कर दिया है कि वे संगठन के फैसले के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

“मैं संगठन का अनुशासित कार्यकर्ता हूँ। दतिया में भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने के लिए हम पूरी ताकत झोंक देंगे।” – डॉ. नरोत्तम मिश्रा

अब पार्टी आलाकमान ने दतिया में जीत सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी डॉ. मिश्रा के कंधों पर डाल दी है। ऐसे में चुनाव का परिणाम यह तय करेगा कि टिकट न मिलने के बावजूद दतिया की जनता और कार्यकर्ताओं पर नरोत्तम मिश्रा का जादू कायम है या नहीं।

भाजपा संगठन ने नरोत्तम पर जताया पूरा भरोसा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी साफ किया है कि पार्टी को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के अनुभव, संगठन क्षमता और मजबूत जनाधार पर पूरा भरोसा है। नरोत्तम मिश्रा ने सालों तक क्षेत्र में सक्रिय रहकर विकास कार्य किए हैं, इसलिए इस उपचुनाव में उनका मार्गदर्शन और भूमिका सबसे निर्णायक रहने वाली है।

शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि मिश्रा की सक्रियता से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और चुनावी अभियान को नई गति मिलेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दतिया उपचुनाव का परिणाम सीधे तौर पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक पकड़ का संकेत देगा।

यदि भाजपा बड़ी जीत दर्ज करती है तो यह संदेश जाएगा कि टिकट भले किसी और को मिला हो, लेकिन दतिया में संगठन और कार्यकर्ताओं पर डॉ. मिश्रा की पकड़ आज भी मजबूत है। वहीं यदि चुनावी मुकाबला कड़ा रहता है या भाजपा अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाती है, तो विपक्ष इसे भाजपा के भीतर असंतोष और नेतृत्व की चुनौती के रूप में प्रचारित करेगा।

कांग्रेस भी लगा रही है एड़ी-चोटी का जोर

दूसरी ओर कांग्रेस इस उपचुनाव को भाजपा के भीतर की नाराजगी के खिलाफ जनमत बनाने का अवसर मान रही है। पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता लगातार सक्रिय हैं।

कांग्रेस का प्रयास है कि भाजपा में टिकट वितरण से उपजे असंतोष को चुनावी मुद्दा बनाया जाए और उसका लाभ मतदाताओं तक पहुंचाया जाए।

मध्य प्रदेश की सियासत पर क्या होगा असर?

दतिया उपचुनाव का परिणाम केवल एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह मध्य प्रदेश की आगामी राजनीति की दिशा भी तय करेगा। यह चुनाव भाजपा के लिए संगठनात्मक अनुशासन और टिकट वितरण की रणनीति की परीक्षा है, तो वहीं कांग्रेस के लिए सत्ता पक्ष के असंतोष को वोटों में बदलने का लिटमस टेस्ट।

यही वजह है कि हर तरफ एक ही चर्चा है—”मैदान में उम्मीदवार भले आशुतोष हैं, लेकिन असली परीक्षा नरोत्तम की है!”2026

MP Datia Assembly By Election 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *