दीदार कॉलोनी फायरिंग मामला: पुलिस ने निकाला 4 आरोपियों का जुलूस

डबरा/भितरवार

डबरा 

सरेआम पकड़े कान और बोले— ‘अपराध करना पाप है’

डबरा ( HRIDAY STAMBH): दीदार कॉलोनी में ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले सचिन, पवन, सुदामा और हरदीप रावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पुलिस ने घटनास्थल पर आरोपियों का जुलूस निकाला, जहां उन्होंने सरेआम माफी मांगी।

​सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई थी दहशतगर्दी, पुलिस ने 24 घंटे में सिखाया सबक

इलाके की दीदार कॉलोनी में पिछले दिनों दो घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले चार शातिर बदमाशों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। शनिवार दोपहर को जब पुलिस इन आरोपियों को कानून का सबक सिखाने के लिए उसी घटनास्थल पर लेकर पहुंची, तो नजारा देखने लायक था। पुलिस ने शनिवार दोपहर ठीक 3 बजे आरोपियों का सरेआम जुलूस निकाला।

इस दौरान कभी इलाके में खौफ का पर्याय बनने वाले आरोपी पुलिस के आगे हाथ जोड़कर कान पकड़ते नजर आए। जुलूस के दौरान चारों आरोपी सरेआम चिल्ला-चिल्लाकर कह रहे थे— “पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है।”

पुलिस का मकसद साफ था कि अपराधियों के मन में कानून का डर बैठे और समाज में शांति का संदेश जाए। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों का पीड़ित पक्ष से पुराना विवाद (पुरानी रंजिश) चल रहा था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इलाके में अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं।

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों को चिन्हित किया और घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं।

​दो घरों को बनाया था निशाना, सीसीटीवी फुटेज से खुले राज

पूरी वारदात इलाके में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो में साफ दिख रहा था कि कैसे इन बदमाशों ने बेखौफ होकर दो रिहायशी घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिससे पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया था।

फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों को दबोचकर उनका सारा टर्रा (घमंड) निकाल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *