उज्जैन
पुलिस के सामने चलती गाड़ी में खूनी संघर्ष;महिला को आए 12 टांके
उज्जैन (HRIDAY STAMBH): उज्जैन में पति पत्नी और प्रेमिका का विवाद पुलिस के सामने खूनी संघर्ष में बदल गया,जहां पुलिस की डायल 112 में प्रेमिका ने ब्लेड निकाल कर पत्नी के गले पर धारदार वार कर दिया
पति, पत्नी और कथित प्रेमिका के बीच का घरेलू विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब पुलिस दोनों पक्षों को समझाने के लिए थाने ले जा रही थी। रास्ते में पुलिस के डायल-112 वाहन के भीतर ही कथित प्रेमिका ने युवक की पत्नी के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसके गले पर डॉक्टरों को 12 टांके लगाने पड़े।
घर पर मुलाकात को लेकर शुरू हुआ था विवाद
घायल महिला रितिका के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुरा की रहने वाली अंशिका गुप्ता का बजरंग कॉलोनी निवासी शुभम प्रजापत से लंबे समय से संपर्क था। शनिवार को अंशिका अचानक शुभम से मिलने उसके घर पहुंच गई। घर पर अंशिका को देख शुभम की पत्नी रितिका ने इस पर कड़ा विरोध जताया।
देखते ही देखते दोनों महिलाओं के बीच बहस शुरू हो गई और बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि इस खींचतान के दौरान रितिका की गोद में मौजूद 18 महीने की मासूम बच्ची भी हाथ से छूटकर नीचे गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस की नाक के नीचे चलती गाड़ी में हमला
विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को शांत कराकर पुलिसकर्मी उन्हें समझाइश के लिए सरकारी वाहन से थाने ले जाने लगे। पुलिस के मुताबिक, गाड़ी में बैठने के बाद भी दोनों महिलाओं के बीच जुबानी जंग जारी थी।
इसी बीच, अंशिका ने अपने पास छिपाकर रखी ब्लेड निकाली और अचानक रितिका के गले पर वार कर दिया। यह हमला इतनी तेजी और अप्रत्याशित रूप से हुआ कि वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते और बीच-बचाव करते, रितिका लूल-लहान हो चुकी थी। घटना के बाद वाहन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत दोनों को अलग किया और घायल रितिका को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
12 टांके आए, टला बड़ा हादसा
अस्पताल में डॉक्टरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए रितिका के गले के गंभीर घाव का इलाज किया। रितिका के गले पर 12 टांके आए हैं। परिजनों का कहना है कि हमला बेहद खतरनाक था; अगर ब्लेड का वार जरा सा भी गहरा या आगे-पीछे होता, तो महिला की जान जा सकती थी। पुलिस वाहन के भीतर हुई इस वारदात से पूरा पुलिस महकमा भी हैरान है।
थाना प्रभारी का बयान:
“रितिका की शिकायत के आधार पर आरोपी युवती अंशिका गुप्ता के खिलाफ धारा 324 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, अंशिका की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी साधारण मारपीट का केस कायम किया गया है। घटना के समय गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों सहित दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
— गमर सिंह मंडलोई, थाना प्रभारी, पंवासा
